‘बुलेट ट्रेन की स्पीड कछुए जैसी, विदेश जाकर उँगली उठाना ठीक नहीं…’, अखिलेश यादव का सीएम योगी पर तंज

अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने मुख्यमंत्री योगी (CM Yogi) के जापान दौरे को लेकर तीखा व्यंग्य किया है। उन्होंने अपने आधिकारिक X हैंडल पर पोस्ट करते हुए बुलेट ट्रेन परियोजना की रफ्तार पर सवाल उठाए और भाजपा नेताओं को नसीहत दी कि आपसी मतभेदों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उजागर न करें। उनका यह बयान 26 फरवरी 2026 की दोपहर को सामने आया, जिसने प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।

बुलेट ट्रेन की रफ्तार पर कटाक्ष

अखिलेश ने अपने पोस्ट में लिखा कि, माना इंडिया में बुलेट ट्रेन आने की स्पीड कछुए की चाल जैसी है, लेकिन दिल्ली-लखनऊ की आपसी खींचातानी का मतलब ये नहीं कि कोई विदेश की धरती पर जाकर, इस बात पर उँगली उठाए। भाजपाई आपस के झगड़े को विश्व मंच पर न ले जाएं। दो अलग दिशा में गये हुए लोग वास्तव में भी अलग-अलग दिशा में ही जाते हैं।

Also Read: पवन सिंह का राज्यसभा जाना तय?राज्यसभा चुनाव से पहले BJP चीफ नितिन नवीन से मिले पवन सिंह

चुनावी साल में तेज होती बयानबाज़ी

2027 के विधानसभा चुनावों से पहले इस बयान को सियासी रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। अखिलेश ने योगी के विदेश दौरे को चुनावी वर्ष में ‘विदाई से पहले की यात्रा’ जैसा बताया। समाजवादी पार्टी इसे सरकार को घेरने का अवसर मान रही है, जबकि भाजपा का कहना है कि यह दौरा प्रदेश में निवेश और विकास लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

सोशल मीडिया पर गरमाई बहस

अखिलेश के पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर समर्थकों और विरोधियों के बीच तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। सपा समर्थकों ने बुलेट ट्रेन परियोजना की धीमी प्रगति पर सवाल उठाए, वहीं भाजपा समर्थकों ने इसे विकास विरोधी बयान बताया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह की बयानबाज़ी आने वाले महीनों में और तेज होगी, जिससे उत्तर प्रदेश की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और गर्माने की संभावना है।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.