सहारनपुर में रोटी पर थूक लगाकर बेचने का मामला, दो आरोपी गिरफ्तार

सहारनपुर : थाना चिलकाना पुलिस ने होटल में रोटी पर थूक लगाकर उसे ग्राहकों को बेचने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, टोडरपुर भूकड़ी निवासी रोहित लम्बरदार ने थाना चिलकाना में लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कस्बा चिलकाना सरसावा रोड स्थित अल फातमा होटल में काम करने वाले कर्मचारी रोटी बनाते समय उस पर थूक लगाकर तंदूर में सेंक रहे थे और बाद में वही रोटियां ग्राहकों को परोसी जा रही थीं। इस घटना की वीडियो क्लिप भी पुलिस को उपलब्ध कराई गई।मामले में थाना चिलकाना पर मुकदमा दर्ज किया गया।

Also Read : वाहन चेकिंग में तरबगंज पुलिस को बड़ी सफलता, अवैध तमंचा व कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थाना चिलकाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तंजीम निवासी अम्बहेटा थाना नकुड़ जनपद सहारनपुर तथा मोहम्मद महबूब निवासी कटिहार बिहार, हाल निवासी अल फातमा होटल चिलकाना के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कस्बा चिलकाना सरसावा रोड से गिरफ्तार किया।

थाना प्रभारी सिमरन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)