गोण्डा : जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना तरबगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, नगदी और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी तरबगंज उमेश्वर प्रभात सिंह के नेतृत्व में थाना तरबगंज पुलिस द्वारा रगड़गंज चौराहे के पास संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी।
इसी दौरान गोण्डा की तरफ से आ रही एक मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर युवक को मौके पर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, 1570 रुपये नगद तथा नोकिया कंपनी का एक की-पैड मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने अपना नाम अक्रूर उर्फ अद्दू पुत्र बैंकटेश्वर दत्त पाण्डेय निवासी ग्राम भानपुर थाना तरबगंज जनपद गोण्डा बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना तरबगंज में मु0अ0सं0-156/2025 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय रवाना कर दिया गया है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उ0नि0 राकेश कुमार पाण्डेय, उ0नि0 अजय कुमार यादव, कांस्टेबल महेश यादव, कांस्टेबल वीरेन्द्र कुमार तथा कांस्टेबल अंकुर सिंह शामिल रहे।











































