चंदौली: रेलवे चौकी क्षेत्र स्थित डीआरएम ऑफिस के आसपास चलती कार पर एक युवक द्वारा खतरनाक अंदाज में स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वीडियो में युवक चलती कार के साथ जोखिम भरे अंदाज में स्टंट करता दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि वीडियो डीआरएम ऑफिस क्षेत्र में बनाया गया है। चलती सड़क पर इस तरह का स्टंट न केवल युवक के लिए बल्कि आसपास से गुजरने वाले अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी हादसे का कारण बन सकता है। इसके बावजूद युवक बेखौफ होकर कार पर स्टंट करता नजर आ रहा है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में पहुंचा है। पुलिस की ओर से वीडियो की जांच की जा रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे वाहन और युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद यातायात नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के मामले में कार्रवाई की जा सकती है।
सीओ पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में है। वीडियो की जांच कराई जा रही है और मामले में पूरी तरह कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वीडियो कब और किस स्थान पर बनाया गया था तथा इसमें शामिल युवक कौन है।
वायरल वीडियो ने एक बार फिर युवाओं द्वारा सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज के लिए सड़क पर स्टंट करने के बढ़ते चलन को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस की कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होगा कि वीडियो में शामिल युवक के खिलाफ किस धाराओं में कार्रवाई की जाती है।














