रायबरेली: गर्मी का पारा क्या चढ़ा, युवाओं के सिर पर रील बनाने और ‘कूल’ दिखने का भूत सवार हो गया है। इन दिनों सोशल मीडिया पर रायबरेली के महराजगंज क्षेत्र का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लोग ‘देशी वाटर पार्क’ का नाम दे रहे हैं। लेकिन जरा ठहरिए! यह कोई मौज-मस्ती का साधन नहीं, बल्कि सीधे-सीधे मौत को दावत देने वाला खतरनाक स्टंट बन चुका है।
नदी की तेज धार और जानलेवा छलांग
मामला महराजगंज क्षेत्र के कुबना इलाके का है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे दर्जनों युवक उफनती नदी और अस्थायी बांध के खतरनाक बहाव के बीच जान जोखिम में डालकर नहा रहे हैं। कोई ऊंचाइयों से सीधे नदी की गहराइयों में छलांग लगा रहा है, तो कोई तेज लहरों के बीच बैलेंस बनाने का स्टंट कर रहा है। सोशल मीडिया पर लाइक्स और कमेंट्स बटोरने की इस अंधी रेस में इन युवाओं को अपनी जान की जरा भी परवाह नहीं है।
हादसे को खुला निमंत्रण, प्रशासन अनजान?
स्थानीय ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश और डर का माहौल है। नदी का यह हिस्सा बेहद खतरनाक है, जहां जरा सी चूक किसी भी हंसते-खेलते परिवार का चिराग बुझा सकती है।हैरानी की बात तो यह है कि सोशल मीडिया पर इस ‘देशी वाटर पार्क’ की रील्स लाखों लोग देख चुके हैं, लेकिन स्थानीय प्रशासन और पुलिस अब तक इस जानलेवा खेल से बेखबर नजर आ रही है। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस अस्थायी वाटर पार्क पर तुरंत रोक लगाई जाए और स्टंटबाजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, इससे पहले कि यह ‘देशी वाटर पार्क’ किसी बड़े हादसे का गवाह बन जाए।













































