बरेली। जनपद के सीबीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में बारात के दौरान मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने दो सगे भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुन्नापुर निवासी विजयपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 4 मई की रात गांव में छोटे लाल के घर बारात आई थी। रात करीब 11 बजे चौराहे पर भोजन के दौरान विजयपाल की रवि नामक युवक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
आरोप है कि रवि, जो देवरनिया थाना क्षेत्र के साफू डांडी गांव का रहने वाला है, विवाद के दौरान गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने चाकू निकालकर विजयपाल पर हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
शोर सुनकर जब विजयपाल का भाई कुंवर सेन बीच-बचाव के लिए पहुंचा, तो आरोपी ने उस पर भी ताबड़तोड़ वार कर दिए। दोनों को घायल कर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया।
घटना के बाद दोनों घायलों का इलाज कराया गया। 5 मई को पीड़ितों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)










































