सहारनपुर : सहारनपुर में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आज मंडल कार्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मंडल कॉर्डिनेटर नरेश गौतम और मुख्य मंडल कॉर्डिनेटर विजय सिंह के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं के पुतलों को लात-घूंसे और चप्पलों से पीटते हुए आग के हवाले कर दिया।
प्रदर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व जिला सचिव अरविंद कुमार ने कहा कि नरेश गौतम और विजय सिंह लंबे समय से पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन नेताओं ने बसपा में रहते हुए अन्य पार्टियों को लाभ पहुंचाने का काम किया, जिससे पार्टी को लगातार नुकसान उठाना पड़ा।
अरविंद कुमार ने कहा कि 2007 और 2012 में पूर्ण बहुमत की सरकार बनने के बाद से बसपा दोबारा सत्ता में नहीं आ सकी, जिसका एक बड़ा कारण गलत नेतृत्व और गलत फैसले रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 2024 के चुनाव में भी बहुजन समाज के वोटरों को गुमराह कर अन्य दलों को वोट दिलाने का काम किया गया।कार्यकर्ताओं ने पार्टी सुप्रीमो कुमारी मायावती से मांग की कि मामले का संज्ञान लेते हुए दोनों कॉर्डिनेटरों को तुरंत पार्टी से निष्कासित किया जाए।
साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि नरेश गौतम को उत्तराखंड, हिमाचल और हरियाणा में जिम्मेदारी मिलने के बावजूद वहां भी पार्टी का प्रदर्शन कमजोर रहा।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कांशीराम द्वारा बनाई गई पार्टी को कमजोर करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है










































