बरेली में विकास के दावों की खुली पोल, उल्हैतापुर में 5 फीट जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने दी मतदान बहिष्कार की चेतावनी

बरेली: तहसील मीरगंज के ग्राम पंचायत गोरा लोकनाथपुर के मजरा उल्हैतापुर में जलभराव और खराब रास्ते की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। बुधवार को ग्रामीणों ने तहसीलदार आशीष कुमार सिंह को शिकायती पत्र सौंपकर आवागमन की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आगामी चुनाव में मतदान का बहिष्कार करेंगे।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव के रास्तों पर कई महीनों से पानी भरा है। मुख्य रास्ते पर करीब चार से पांच फीट तक पानी होने के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है। रास्ता बंद होने के कारण कई बच्चे महीनों से स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। वहीं, किसी ग्रामीण के बीमार होने पर उसे खाट पर लादकर पानी और खराब रास्ते से दूसरे गांव तक ले जाना पड़ता है।

Also Read: UP: छात्राओं को CM Yogi की सौगात, स्कूटी वितरण की तैयारियां तेज, अफसरों को निर्देश जारी

ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि गांव में पक्की सड़क तो दूर, आवागमन के लिए कच्चा रास्ता भी ठीक नहीं है। जलभराव के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के काम के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों के प्रदर्शन में जिला पंचायत सदस्य निरंजन यदुवंशी और विशाल गंगवार भी शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों की समस्या के समाधान की मांग की। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर जलभराव दूर कराने और स्थायी रास्ते की व्यवस्था कराने की मांग की।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)