Home Politics अब और कड़ी होगी CM योगी की सुरक्षा, कर्नाटक चुनाव प्रचार के...

अब और कड़ी होगी CM योगी की सुरक्षा, कर्नाटक चुनाव प्रचार के दौरान भी बढ़ेगा सिक्योरिटी घेरा

CM Yogi Adityanath security

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) की सुरक्षा (Security) और बढ़ाई जाएगी। प्रयागराज में माफिया डॉन अतीक अहमद और अशरफ की लाइव टीवी पर हत्या के बाद सीएम योगी के सुरक्षा घेरे को कड़ा करने का निर्णय लिया गया है। सीएम योगी के सुरक्षा घेरे को उत्तर प्रदेश के साथ-साथ बाहर भी बढ़ाया जाएगा। सीएम योगी को कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ओर से स्टार प्रचारक बनाया गया है। ऐसे में कर्नाटक के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान के दौरान उन्हें कड़ी सुरक्षा दी जाएगी।

दरअसल, सीएम योगी आदित्यनाथ पहले से ही कई संगठनों के निशाने पर रहे हैं। अतीक-अशरफ हत्याकांड के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा को लेकर कई प्रकार की बातें चल रही हैं। अब इस मामले में सूत्रों के हवाले से बड़ा अपडेट सामने आया है। दावा किया जा रहा है कि सीएम योगी की सुरक्षा को और बढ़ाया जाएगा।

Also Read: अतीक-अशरफ हत्या मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग का गठन, CM योगी खुद कर रहे पूरे मामले की मॉनीटरिंग

बता दें कि अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ लखनऊ में बड़ी बैठक की, जिसमें राज्य की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। इसके साथ ही सीएम योगी के साथ-साथ दोनों डिप्टी सीएम के सारे सार्वजनिक कार्यक्रम फिलहाल के लिए रद्द करने का फैसला किया गया।

यही नहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ के उत्तर प्रदेश से बाहर कहीं दौरे पर जाने पर अतिरिक्त सुरक्षा दस्ता तैनात करने का फैसला लिया गया। सीएम योगी के पास अभी जेड प्‍लस सुरक्षा मौजूद है। देशभर में करीब 40 लोगों को ही जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है, जिसमें सीएम योगी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल जैसे बड़े नेता शामिल हैं। इस श्रेणी में 10 से अधिक एनएसजी कमांडो के अलावा कुल 55 सुरक्षाकर्मी मिलते हैं। इसके साथ ही सुरक्षा दस्ते में 5 बुलेट प्रूफ वाहन भी मिलते हैं।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )

Secured By miniOrange