नेशनल हाईवे पर सीएनजी गैस रिसाव से हड़कंप, 20 मिनट तक थमा यातायात

फर्रुखाबाद : इटावा-बरेली नेशनल हाईवे पर देर rat सीएनजी गैस से भरे एक कैंटर में अचानक रिसाव होने से अफरा-तफरी मच गई। तेज आवाज के साथ गैस लीक होने लगी, जिससे हाईवे पर गुजर रहे वाहन चालकों में दहशत फैल गई। एहतियातन पुलिस ने करीब 20 मिनट तक दोनों ओर का यातायात रोक दिया। समय रहते पुलिस और दमकल विभाग की सक्रियता से बड़ा हादसा टल गया।

घटना कादरीगेट थाना क्षेत्र के मेसीनी चौराहे के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सीएनजी गैस से भरा कैंटर हरदोई के रूपापुर से एटा की ओर जा रहा था। तभी रास्ते में अचानक वाहन की फिटिंग कटने से पाइप खुल गया और गैस का तेजी से रिसाव शुरू हो गया। रिसाव की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई।

Also Read : फर्रुखाबाद में फिर बढ़ा खतरा : पांचाल घाट गंगा पुल के ज्वाइंट दोबारा खुले, हाईवे पर हर दिन गुजर रहे हजारों वाहन

कैंटर चालक दयाशंकर निवासी आगरा ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को चौराहे से पहले ही रोक दिया और सुरक्षित दूरी पर चला गया। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा और पांचालघाट चौकी प्रभारी मोहित मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर कैंटर से करीब 200 मीटर पहले ही दोनों तरफ वाहनों को रोक दिया गया।
पुलिस ने चालक को बुलाकर सावधानीपूर्वक सिलेंडर का वाल्व बंद कराया, जिसके बाद गैस रिसाव पर काबू पाया गया।

वहीं दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद रही।
करीब 20 मिनट बाद स्थिति सामान्य होने पर यातायात दोबारा शुरू कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सुरक्षा के दृष्टिगत कैंटर को वापस रूपापुर भेज दिया गया है। घटना के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)