कांग्रेस का ‘मास्टरस्ट्रोक’! रायबरेली में बूथ स्तर पर नई ‘सेना’ तैयार करने का फरमान

रायबरेली: कांग्रेस ने जिले में संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की कवायद तेज कर दी है। मंगलवार को तिलक भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में ‘संगठन सृजन अभियान’ की शुरुआत की घोषणा की गई। एआईसीसी ऑब्जर्वर कुलजीत नागरा ने कहा कि संगठन को नई ऊर्जा देने के लिए काम तेजी से किया जाएगा और पार्टी की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाया जाएगा।

ब्लॉक से बूथ तक बनाई जाएंगी नई टीमें

कुलजीत नागरा ने बताया कि अभियान के पहले चरण में जिला कांग्रेस कमेटी का पुनर्गठन किया जाएगा। इसके बाद ब्लॉक, न्याय पंचायत, ग्राम पंचायत और बूथ स्तर पर संगठन की नई टीमों का गठन होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों को भी सक्रिय किया जाएगा, ताकि कांग्रेस का संगठनात्मक ढांचा अधिक प्रभावी और मजबूत बनाया जा सके।

Also Read: रायबरेली: PWD ठेकेदारों का हल्ला बोल, 6 गुना जुर्माने और बजट की कमी पर खोला मोर्चा

कांग्रेस नेताओं ने साझा की अभियान की रणनीति

प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी, पीसीसी ऑब्जर्वर बृजेंद्र मिश्रा, संजय सिंह, शहर अध्यक्ष धीरज श्रीवास्तव, जिला प्रवक्ता महताब आलम और शहर प्रवक्ता अभय त्रिवेदी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। नेताओं ने संगठन को निचले स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।

भुएमऊ में हुई अहम बैठक, जिलाध्यक्ष पद पर आवेदन का ऐलान

प्रेस वार्ता के बाद सांसद आवास भुएमऊ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने कहा कि ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत जिलाध्यक्ष पद के चयन की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी के जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी ही नहीं, बल्कि आम कार्यकर्ता भी जिलाध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत कर सकेंगे।

Also Read: UP: स्कूल बसों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, फिटनेस-परमिट व इंश्योरेंस फेल मिलने पर 3 बसें जब्त

कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प

बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने अभियान को लेकर अपने सुझाव और विचार रखे। पार्टी नेताओं ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका दी जाएगी। बैठक के अंत में कांग्रेस को जमीनी स्तर पर और प्रभावशाली बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया गया।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.