गोण्डा: बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने विद्यालयों में संचालित वाहनों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। शासन के निर्देश पर एआरटीओ प्रशासन आर.सी. भारतीय के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने विभिन्न स्कूल वाहनों की जांच की। इस दौरान कर्नलगंज स्थित श्री साईं एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स कॉलेज की तीन स्कूल बसें मानकों पर खरी नहीं उतरीं।
जांच में तीनों बसों की फिटनेस, परमिट और इंश्योरेंस फेल पाए गए। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए तीनों बसों को जब्त कर लिया। कार्रवाई के बाद विद्यालय संचालकों और स्कूल वाहन स्वामियों में हड़कंप मच गया।
एआरटीओ प्रशासन आर.सी. भारतीय ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्कूल बसों का फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, बीमा समेत सभी आवश्यक अभिलेख वैध और अपडेटेड होना अनिवार्य है।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और वाहन स्वामियों से अपने वाहनों के दस्तावेज समय से दुरुस्त कराने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की।
एआरटीओ ने स्पष्ट किया कि विद्यालय वाहनों की जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































