गोरखपुर : दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वर्तमान शैक्षणिक सत्र के स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आज समाप्त हो गई। शाम5 बजे तक लगभग 32,800 अभ्यर्थियों ने सफलतापूर्वक अपने फॉर्म जमा कर दिए हैं।
त्रुटि संशोधन के लिए दो दिन का अवसर
आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद, विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों को राहत देते हुए ऑनलाइन करेक्शन विंडो खोलने का निर्णय लिया है। इसके तहत अभ्यर्थी 21 और 22 जून को विश्वविद्यालय के आधिकारिक प्रवेश पोर्टल dduguadmission.in पर जाकर अपने फॉर्म में हुई किसी त्रुटि या गलती को ऑनलाइन संशोधित कर सकेंगे। इसके बाद फॉर्म में किसी भी तरह के बदलाव का कोई अवसर नहीं दिया जाएगा। इसके तुरंत बाद, विश्वविद्यालय द्वारा प्रवेश परीक्षा का विस्तृत टाइम-टेबल और विवरण जारी कर दिया जाएगा।
हालांकि प्रवेश प्रकोष्ठ नए घोषित पाठ्यक्रमों या ऐसे पाठ्यक्रम जहां सीटों की तुलना में कम आवेदन आये हैं वहां गत वर्षों की भांति आवेदन का एक और चरण प्रारंभ करने पर भी विचार कर रहा है । इसकी तिथि बाद में घोषित की जाएगी।
प्रमुख पाठ्यक्रमों में आवेदनों की स्थिति
इस वर्ष भी पारंपरिक और व्यावसायिक दोनों ही पाठ्यक्रमों में छात्रों ने भारी उत्साह दिखाया है। स्नातक स्तर के पारंपरिक पाठ्यक्रमों में सर्वाधिक आकर्षण बीए ऑनर्स के प्रति रहा, जिसमें शाम तक 3,718 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके बाद बीएससी बायो में 3,184 अभ्यर्थियों और बीकॉम ऑनर्स में 2,116 अभ्यर्थियों ने रुचि दिखाई है, जबकि बीएससी गणित के लिए 1,648 तथा बीएससी कृषि के लिए 1,299 आवेदन फॉर्म जमा हुए हैं।
कानून और व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में आवेदन मिले हैं; जहाँ एलएलबी के लिए 3,407 और पांच वर्षीय एकीकृत बीएएलएलबी के लिए 2,784 छात्रों ने दावेदारी पेश की है। इसी तरह बीबीए में 1,208, बीटेक में 1,113 बीफार्म में 936 और बीसीए में 907 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
उच्च शिक्षा और स्नातकोत्तर (PG) स्तर पर एलएलएम के लिए 925 तथा एमबीए के लिए 852 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। अन्य प्रमुख स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्राणिविज्ञान के लिए 809 और एमकॉम के लिए 641 आवेदन आए हैं। तकनीकी और आधुनिक क्षेत्र के नए पाठ्यक्रमों में भी बेहतर रुझान है, जिसके तहत बीसीए (एआईएमएल) में 541अभ्यर्थियों ने फॉर्म भरे हैं।
यह जानकारी देते हुए प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो हर्ष कुमार सिन्हा ने कहा कि सभी अभ्यर्थी प्रवेश परीक्षा से जुड़े आगामी अपडेट्स, जैसे एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की तिथि और परीक्षा कार्यक्रम के लिए विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल का अवलोकन करते रहें।














































