दिल्ली: द्वारका (Dwarika) जिले के उत्तम नगर (Uttam Nagar) इलाके में ईद-उल-फितर और राम नवमी से पहले प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सख्त कर दिया है। इलाके में हाल ही में होली के दिन 26 वर्षीय तरुण खटीक की हत्या के बाद फैले तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क हो गई है। दिल्ली हाईकोर्ट ने भी पुलिस को निर्देश दिए हैं कि उत्तम नगर में किसी भी हालत में शांति भंग न होने पाए और सुरक्षा बनाए रखी जाए।
छोटी घटना से बड़ा विवाद
पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक मामूली घटना से हुई थी। एक बच्ची द्वारा फेंके गए पानी के गुब्बारे का पानी दूसरे समुदाय की महिला पर गिरा, जिससे विवाद इतना बढ़ा कि हिंसा और हत्या तक जा पहुँची। यह घटना इलाके में साम्प्रदायिक तनाव को बढ़ाने का कारण बनी और स्थानीय लोगों में डर का माहौल बना गया।
Also Read: UP: लखनऊ में NIA की बड़ी कार्रवाई, आतंकी साजिश में तीन यूक्रेनी सैनिक गिरफ्तार
पुलिस की तैयारी और निगरानी
ईद के मद्देनजर द्वारका जिले में 100 से अधिक पिकेट पॉइंट्स बनाए गए हैं। संवेदनशील इलाकों, खासकर हस्तसाल गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। छतों पर निगरानी, पैदल और वाहन गश्त के माध्यम से किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। धार्मिक स्थलों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है और सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट पर नजर रखी जा रही है।
शांति बनाए रखने की अपील
इलाके में भरोसा बहाल करने के लिए पुलिस फ्लैग मार्च भी कर रही है, लेकिन स्थानीय लोग अभी भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उत्तम नगर आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रदीप शुक्ला ने कहा कि माहौल ‘तूफान से पहले की शांति’ जैसा है। इसी बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी उकसावे में न आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पहले से ही हिंसा की भारी कीमत चुका चुके लोग अब केवल शांति चाहते हैं।


















































