‘दिल्ली खालिस्तान बन जाएगा…’, 9 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, दिल्ली पुलिस अलर्ट

सोमवार सुबह दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में स्थित 9 स्कूलों को ईमेल और फोन कॉल के जरिए बम धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी भरे संदेश में स्कूल परिसरों में बम लगाए जाने का दावा किया गया और एक घंटे के भीतर स्कूल खाली न कराने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। संदेश में उकसावे और आपत्तिजनक भाषा का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई।

सुबह 8:30 से 9 बजे के बीच मिली धमकी 

जानकारी के अनुसार, पूर्वी, दक्षिणी, उत्तरी और पश्चिमी दिल्ली के कुल 9 स्कूलों को लगभग एक ही समय पर धमकी मिली। कुछ स्कूलों को ईमेल भेजे गए, जबकि कुछ को फोन कॉल के जरिए डराया गया। जांच के मद्देनज़र स्कूलों के नाम फिलहाल सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।

Also Read: शामली एनकाउंटर: 90 मुकदमों वाला कुख्यात रिहान अंसारी मारा गया, 50 हजार का था इनामी

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, स्कूल खाली कराए गए

धमकी मिलते ही सभी स्कूलों के प्रबंधन ने दिल्ली पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने तुरंत स्कूल परिसरों को खाली कराने के निर्देश दिए और बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। बम निरोधक दस्ता, स्निफर डॉग्स और भारी पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया।

तलाशी में नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु

पुलिस टीमों ने स्कूलों की कक्षाओं, लाइब्रेरी, बस स्टैंड, खेल मैदान और आसपास के क्षेत्रों की गहन तलाशी ली। स्निफर डॉग्स की मदद से भी जांच की गई, लेकिन अब तक किसी भी स्कूल से बम, IED या कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में यह मामला झूठी धमकी का लग रहा है, हालांकि जांच अभी जारी है।

Also Read: जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ में एनकाउंटर, सुरक्षाबलों ने जैश के एक आतंकी को किया ढेर

अभिभावकों में डर 

घटना की खबर फैलते ही अभिभावकों में डर और गुस्सा दोनों देखने को मिला। कई माता-पिता ने बच्चों को तुरंत घर भेजने की मांग की। सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर प्रतिक्रियाएं तेज रहीं। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और बताया है कि धमकी भेजने वालों का पता लगाने के लिए साइबर सेल को लगाया गया है, साथ ही स्कूलों की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)