साइबर सेल की बड़ी कामयाबी: ऑनलाइन ठगी के शिकार व्यक्ति के 3.43 लाख कराए वापस

गोरखपुर। साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए गोरखपुर साइबर सेल ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। ऑनलाइन धोखाधड़ी के शिकार एक आवेदक के खाते से निकाली गई कुल 3,43,896 की धनराशि को वापस दिलाया गया है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक (अपराध) के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी (अपराध) के पर्यवेक्षण में साइबर सेल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यह सफलता प्राप्त की।

बिना ओटीपी साझा किए खाते से निकले पैसे

आवेदक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके बैंक खाते से 8 बार में कुल ₹3,43,896 की रकम निकाल ली गई, जबकि उसने किसी को ओटीपी साझा नहीं किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल ने तत्काल जांच शुरू की।

Also Read : प्यार, धोखा और धर्मांतरण! ‘सौरभ’ बनकर लड़कियों को जाल में फंसाता था शोएब, फोन चैट्स से हुआ बड़ा खुलासा

तकनीकी विश्लेषण से मिला सुराग, बैंकों से समन्वय कराई रिकवरी

साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए धोखाधड़ी की प्रक्रिया का पता लगाया और संबंधित बैंकों व वित्तीय संस्थानों से समन्वय स्थापित किया। त्वरित प्रयासों के चलते पूरी धनराशि सफलतापूर्वक आवेदक के खाते में वापस करा दी गई।

टीम का सराहनीय योगदान

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक साजिद अली खान, हेड कांस्टेबल शशिकांत जायसवाल, कांस्टेबल पंकज कुमार गुप्ता, कांस्टेबल अखिलेश कुमार और महिला आरक्षी दीप्ती सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेन-देन से सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल या नजदीकी पुलिस से संपर्क करें।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )