कायमगंज, फर्रुखाबाद। जनपद फर्रुखाबाद की कायमगंज पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों नहीं बल्कि लाखों की नशीली खेप को हमेशा के लिए खत्म कर दिया। पुलिस ने ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत विभिन्न मामलों में बरामद की गई करीब 29.01 लाख रुपये कीमत की अवैध ड्रग्स को कानपुर स्थित ट्रीटमेंट प्लांट में नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के सख्त निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी ने किया। न्यायालय और शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पुलिस टीम जब्त किए गए नशीले पदार्थों को कानपुर के बिल वर्ल्ड इनवॉयरमेंटल बीएमडब्ल्यू ट्रीटमेंट प्लांट लेकर पहुंची, जहां अत्यधिक तापमान वाली भट्टी में उन्हें पूरी तरह नष्ट किया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, यह कार्रवाई तीन बड़े मामलों से जुड़ी थी, जिनमें भारी मात्रा में अवैध नशीले पदार्थ बरामद किए गए थे। नष्ट की गई खेप में 58.022 किलोग्राम गांजा, अफीम, डायजेपाम और विभिन्न प्रकार के घातक नशीले पाउडर शामिल थे। इन पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 29 लाख रुपये आंकी गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि थानों के मालखानों में लंबे समय से जमा अवैध नशीले पदार्थों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा रहा है, ताकि इनके दुरुपयोग की कोई संभावना न रहे। पूरी प्रक्रिया के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पारदर्शिता बरती गई।
पुलिस प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। फर्रुखाबाद पुलिस ने ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाते हुए कहा है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध धंधे में शामिल लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस बड़ी कार्रवाई को लेकर आम लोगों ने भी पुलिस की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि ऐसे अभियानों से जिले में नशे के बढ़ते कारोबार पर प्रभावी रोक लगेगी।












































