गोरखपुर। मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा ने मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 16 मई 2026 को प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी के साथ ताल नन्दौर स्थित स्टेडियम स्थल का निरीक्षण किया।
स्टेडियम स्थल पर सख्त निर्देश
मण्डलायुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिए कि शिलान्यास स्थल और कार्यक्रम स्थल को 15 मई 2026 की रात्रि तक पूरी तरह तैयार कर लिया जाए।
उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर जगह-जगह पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने, आने वाले खिलाड़ियों व आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने और विशेष रूप से सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता पर पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
गोढधोईया नाले व STP का भी जायजा
इसी क्रम में मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा ने नगर आयुक्त अनुराग जैन के साथ गोढधोईया नाले के जीरो प्वाइंट, जंगल छत्रधारी तथा 61 एमएलडी क्षमता वाले निर्माणाधीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का निरीक्षण किया।
मण्डलायुक्त ने जल निगम के अभियंताओं को निर्देशित किया कि नाले के जीरो प्वाइंट से STP तक की साफ-सफाई त्वरित गति से पूरी की जाए। क्षेत्र में विद्युत तारों व हाईटेंशन लाइनों को ठीक कर दिया जाए।
समन्वय पर जोर
उन्होंने पंचायत राज विभाग, विद्युत विभाग और नगर निगम के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर स्थल की साफ-सफाई, विद्युत सुरक्षा और सड़कों को पूरी तरह सुधारने के निर्देश दिए।
मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद होनी चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ये दोनों निरीक्षण सीएम योगी के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन की सक्रिय तैयारियों का हिस्सा हैं।











































