बाराबंकी: जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने शनिवार को सिरौली गौसपुर क्षेत्र के महमूदाबाद स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विद्यालय की शैक्षिक, आवासीय और बुनियादी व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं।
निरीक्षण के दौरान ‘हंसता बचपन, खिलता जीवन’ अभियान के तहत दृष्टि परीक्षण में चिन्हित 15 बालिकाओं को टेस्टेड चश्मे वितरित किए गए। डीएम और एसपी ने छात्राओं को बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए पढ़ाई में चश्मे का नियमित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
डीएम और एसपी ने छात्राओं के साथ बैठकर भोजन भी किया। इस दौरान भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन मिलने की स्थिति देखी गई। भोजन मेन्यू के अनुरूप पाया गया। अधिकारियों ने विद्यालय में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
Also Read: UP: बच्चों के बीच पहुंचे मुरादाबाद DM, कविता पढ़ाकर परखी पढ़ाई, सुधार के दिए निर्देश
कक्षा 10 की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली पांच छात्राओं तनु, लक्ष्मी, संध्या, लक्ष्मी प्रथम और संध्या प्रथम को डीएम ने प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं को आगे की पढ़ाई में मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
बातचीत के दौरान छात्राओं ने उच्चीकृत एकेडमिक भवन तक जाने वाले रास्ते में इंटरलॉकिंग की जरूरत बताई। साथ ही बरसात में जलभराव की समस्या भी अधिकारियों के सामने रखी। डीएम ने तत्काल ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता को एकेडमिक भवन तक इंटरलॉकिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और उनकी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए।
निरीक्षण के दौरान एएसपी मो. आफताब आलम, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा पुनीत मणि त्रिपाठी, वार्डेन ज्योति स्वरूप, शिक्षिकाएं नीलम व सुषमा रानी सहित विद्यालय का स्टाफ और छात्राएं मौजूद रहीं।



















































