बलिया: जिला समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक शनिवार को पार्टी कार्यालय पर आयोजित हुई। बैठक में जनपद में बाढ़ की स्थिति, बढ़ते अपराध, ठप पड़े विकास कार्यों, आम जनता की समस्याओं तथा वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में वक्ताओं ने जनहित के मुद्दों को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने पर जोर दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए बैरिया विधायक जयप्रकाश अंचल ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को राहत और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। किसानों, ग्रामीणों और प्रभावित परिवारों की समस्याओं का तत्काल समाधान सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता की समस्याओं को सदन से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाती रहेगी।
Also Read: UP: छात्राओं को CM Yogi की सौगात, स्कूटी वितरण की तैयारियां तेज, अफसरों को निर्देश जारी
समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं, किसानों, नौजवानों और गरीबों से जुड़े सवाल लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करें और महिलाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का काम करें।
Also Read: UP: बच्चों के बीच पहुंचे मुरादाबाद DM, कविता पढ़ाकर परखी पढ़ाई, सुधार के दिए निर्देश
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला उपाध्यक्ष/प्रवक्ता सुशील पाण्डेय कान्हजी ने कहा कि बलिया की जनता बाढ़, अपराध, बेरोजगारी और अधूरे पड़े विकास कार्यों जैसी समस्याओं से जूझ रही है। जनता को केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि धरातल पर काम चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर कागजों में दावे करने से जनता की समस्याएं समाप्त नहीं होंगी। सरकार को जनपद की वास्तविक स्थिति को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी के लिए सिर्फ सत्ता परिवर्तन का चुनाव नहीं, बल्कि प्रदेश की राजनीति की दिशा बदलने का अवसर है। भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान जनता अब बदलाव की ओर देख रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सोशल मीडिया तक सीमित न रहकर गांव, मोहल्ले और बूथ तक पहुंचे।














