गोरखपुर। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) एवं जिला सलाहकार समिति (DCC) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने बैंक अधिकारियों को सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं में तेजी लाने, लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने और लक्ष्य के अनुरूप ऋण वितरण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख योजनाओं की समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना (MYUV), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) सहित अन्य योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। इस दौरान बैंकर्स नोडल अधिकारी मनोज श्रीवास्तव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की प्रगति
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 2700 लक्ष्य के सापेक्ष 31 मार्च 2026 तक 2375 ऋण स्वीकृत किए जा चुके हैं, जो लगभग 88 प्रतिशत उपलब्धि है। चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 1015 आवेदन बैंक शाखाओं को भेजे गए, जिनमें से 201 स्वीकृत और 128 का ऋण वितरण किया जा चुका है। डीएम दीपक मीणा ने लंबित आवेदनों का शीघ्र निपटारा कर युवाओं को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में अच्छी उपलब्धि
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत 271 इकाइयों के लक्ष्य के सापेक्ष 460 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 183 आवेदन स्वीकृत किए गए। योजना के तहत अब तक 598.58 लाख रुपये का ऋण वितरण किया गया है, जो लक्ष्य के मुकाबले 113.68 प्रतिशत उपलब्धि दर्शाता है। डीएम ने इसे संतोषजनक बताते हुए और बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा जताई।
Also Read : “आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए योग”
ODOP योजना की समीक्षा
“एक जनपद एक उत्पाद” (ODOP) योजना के तहत 47 इकाइयों के लक्ष्य के सापेक्ष 113 आवेदन बैंक शाखाओं को भेजे गए। इनमें 42 आवेदन स्वीकृत हुए और 155.33 लाख रुपये का ऋण वितरण किया गया। जिलाधिकारी ने ODOP के चयनित उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए बैंकर्स और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए।
डीएम के प्रमुख निर्देश
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने सभी बैंकर्स को स्पष्ट निर्देश दिए कि:
– लंबित प्रकरणों का तुरंत निस्तारण करें
– ऋण वितरण प्रक्रिया को और सरल बनाएं
– पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाएं
– आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।
प्रचार-प्रसार और समन्वय पर जोर
बैठक में विभिन्न योजनाओं के प्रचार-प्रसार को बढ़ाने पर भी जोर दिया गया ताकि अधिक से अधिक योग्य व्यक्ति इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। डीएम ने सभी अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की हिदायत दी, जिससे जनपद में रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियां तेज हो सकें।
बैठक में डीएम ने साफ कहा : कि बैंकिंग क्षेत्र विकास और स्वरोजगार का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए लक्ष्यों की पूर्ति में कोई शिथिलता बरदाश्त नहीं की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














































