डीएम का शहर विकास पर फोकस : नए वेंडिंग जोन, मॉडल शॉप और मल्टीलेवल पार्किंग की तैयारी

फर्रुखाबाद : जनपद में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, अतिक्रमण की समस्या पर नियंत्रण पाने तथा स्ट्रीट वेंडरों को व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने मंगलवार को फतेहगढ़ और फर्रुखाबाद नगर क्षेत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संभावित वेंडिंग जोन, मॉडल शॉप और मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण के लिए चिन्हित स्थानों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को शीघ्र कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सबसे पहले फतेहगढ़ क्षेत्र स्थित कैंट परिसर, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि इन स्थलों को सुव्यवस्थित वेंडिंग जोन के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर तेजी से कार्य किया जाए। साथ ही सुरक्षा और सौंदर्यीकरण को ध्यान में रखते हुए आवश्यक स्थानों पर रेलिंग लगाने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम मिशन कंपाउंड के सामने पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर अपनी दुकानें लगाते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में कारोबार कर रहे सभी स्ट्रीट वेंडरों का विधिवत सर्वेक्षण कराया जाए, ताकि उनकी पहचान सुनिश्चित हो सके और उन्हें योजनाओं का लाभ दिया जा सके। जिलाधिकारी ने ‘नवयुग योजना’ के तहत यहां मॉडल शॉप विकसित करने के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा।

इसके अलावा क्रिश्चियन इंटर कॉलेज मैदान के सामने स्थित भूमि का भी निरीक्षण किया गया। डीएम ने इस स्थान पर स्ट्रीट वेंडरों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल शॉप विकसित करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि इससे छोटे व्यापारियों को सुरक्षित, स्वच्छ और स्थायी व्यवसायिक स्थान उपलब्ध होगा तथा सड़क किनारे लगने वाली अव्यवस्थित दुकानों की समस्या में कमी आएगी।

Also Read : योग सप्ताह में सांसद रवि किशन ने किया योगाभ्यास, बोले- योग से मिलता है स्वस्थ शरीर और शांत मन

निरीक्षण के अगले चरण में जिलाधिकारी लाल सराय क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने नजूल भूमि का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस महत्वपूर्ण भूमि का उपयोग शहर की बढ़ती पार्किंग समस्या के समाधान के लिए मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण में किया जाए। साथ ही यहां सब्जी विक्रेताओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस वेंडिंग जोन विकसित करने की योजना भी तैयार की जाए।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि प्रस्तावित योजनाओं के लागू होने से शहर की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आएगा। सड़क किनारे फैले अतिक्रमण में कमी आएगी, व्यापारियों को व्यवस्थित स्थान मिलेगा और आम नागरिकों को भी आवागमन में सुविधा होगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि प्रत्येक परियोजना की कार्ययोजना निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयार कर उसे गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ धरातल पर उतारा जाए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), नगर निकाय अधिकारियों समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। डीएम के इस निरीक्षण को शहर के सुनियोजित विकास और शहरी व्यवस्थाओं को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)