‘धर्मेंद्र प्रधान के पास कोई राज तो नहीं, जिसकी वजह से हटाया नहीं जा रहा…’, बोले अखिलेश यादव

UP: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब देशभर में छात्र और युवा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, तब भी सरकार उन्हें पद से हटाने से क्यों बच रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने अब तक आंदोलन कर रहे छात्रों से कोई संवाद नहीं किया है।

‘क्या किसी दबाव में है सरकार?’

अखिलेश यादव ने कहा कि यह समझ से परे है कि सरकार आखिर किस कारण शिक्षा मंत्री को हटाने से परहेज कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कहीं ऐसा तो नहीं कि मंत्री के पास ऐसी कोई जानकारी या राज हो, जिसकी वजह से सरकार कार्रवाई करने से बच रही हो। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा कोई दबाव है तो सरकार को देश के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

Also Read: UP: राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में वाराणसी में कांग्रेस का हंगामा, कई कार्यकर्ता हिरासत में

‘छात्रों की मांगों को लगातार किया जा रहा नजरअंदाज’

सपा प्रमुख ने कहा कि पिछले करीब 20 दिनों से दिल्ली में नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी है, लेकिन केंद्र सरकार ने न तो आंदोलनरत छात्रों की मांगों पर कोई फैसला लिया और न ही उनसे बातचीत की। उनके मुताबिक, युवाओं में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

काले कपड़ों में संसद पहुंचे विपक्षी सांसद

आजमगढ़ से समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश का हर वर्ग मौजूदा परिस्थितियों से परेशान है। उन्होंने कहा कि विपक्ष जनता की आवाज को संसद तक पहुंचा रहा है। इस दौरान विपक्ष के कई सांसद काले कपड़े या काला पटका पहनकर संसद पहुंचे और सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। संसद परिसर में कुछ महिला सांसदों ने नारेबाजी भी की।

Also Read: दिल्ली से बलिया तक हाहाकार…अखिलेश की गिरफ्तारी पर भड़के बागी सपाई

पीएम आवास के बाहर धरना, फिर हिरासत और रिहाई

गौरतलब है कि 21 जुलाई की शाम कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना दिया था। प्रदर्शन के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया, हालांकि देर रात सभी नेताओं को रिहा कर दिया गया। विपक्ष लगातार नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर केंद्र सरकार पर दबाव बनाए हुए है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)