‘यहां पेशाब मत करो…’, पेशाब करने से रोकने पर 45 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या

UP: प्रयागराज (Prayagraj) के नैनी इलाके में एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 45 वर्षीय राजेश निषाद की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना गुरुवार रात मदौका क्षेत्र स्थित एक बैंक्वेट हॉल के बाहर हुई। पुलिस को आपातकालीन सेवा 112 पर झगड़े की सूचना मिली, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। संजय गेस्ट हाउस के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले निषाद को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

पेशाब करने का विरोध बना विवाद की वजह

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शादी में शामिल कुछ लोग कथित तौर पर निषाद के घर के समीप पेशाब कर रहे थे। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि कुछ लोगों ने लोहे की रॉड से निषाद पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया, हालांकि पुलिस ने हालात को नियंत्रित कर लिया।

Also Read: 1000 रुपये में पत्नी का सौदा! दोस्तों ने जंगल में ले जाकर किया गैंगरेप, पति बोला- ऐसे ही कमाऊंगा पैसे

परिवार की तहरीर पर 12 के खिलाफ मामला दर्ज

मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने 12 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में मुख्य आरोपी सुनील कनौजिया भी शामिल है।

Also Read: प्रयागराज: नाबालिग बच्ची को फर्जी आधार से बालिग बताकर IVF सेंटर में निकलवाए अंडाणु, 5 गिरफ्तार

मुख्य आरोपी पुलिस कांस्टेबल, अन्य की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, सुनील कनौजिया मऊ जिले में पुलिस कांस्टेबल के पद पर तैनात है और अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने आया था। अधिकारियों का कहना है कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है