पेट्रोल-डीजल की कमी न होने दें, डीएसओ ने ऑयल कंपनियों को दिए सख्त निर्देश

गोरखपुर। जनपद में पेट्रोल-डीजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) रामेंद्र प्रताप सिंह ने ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी पेट्रोल पंप पर ईंधन की कमी नहीं होनी चाहिए, क्योंकि वर्तमान में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।

बैठक में डीएसओ ने निर्देश दिया कि सभी पेट्रोल पंप संचालक समय रहते ईंधन की आपूर्ति के लिए ऑर्डर बुक कर दें, ताकि पंप पर पेट्रोल-डीजल खत्म होने की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि जैसे ही स्टॉक कम होने लगे, तुरंत अगली खेप के लिए आदेश दिया जाए, जिससे आपूर्ति श्रृंखला सुचारु बनी रहे और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Also Read : समाजशास्त्र विभाग में पुरातन छात्र सम्मेलन का सफल आयोजन

उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी पंप पर ईंधन समाप्त होना लापरवाही मानी जाएगी और ऐसी स्थिति में संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। अधिकारियों को नियमित रूप से निगरानी रखने और पंपों की स्थिति का जायजा लेने के निर्देश भी दिए गए।

डीएसओ ने ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर काम करने पर जोर दिया, ताकि वितरण व्यवस्था में कोई बाधा न आए। बैठक में अरुण सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासन ने साफ किया है कि आम जनता को ईंधन के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा और आपूर्ति व्यवस्था को पूरी तरह सुचारु बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)