गोण्डा : ऑपरेशन साइबर कवच के तहत थाना तरबगंज की साइबर हेल्पडेस्क टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक पीड़ित की 55,000 रुपये की धनराशि वापस कराई। पैसे वापस मिलने पर पीड़ित के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने गोण्डा पुलिस का धन्यवाद किया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के क्रम में यह सफलता हासिल की गई। जानकारी के अनुसार, ग्राम शीशौ पूरे डलई निवासी रवि शंकर शुक्ला ने साइबर फ्रॉड की शिकायत थाना तरबगंज की साइबर हेल्पडेस्क पर दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर हेल्पडेस्क टीम ने जनपदीय साइबर सेल के सहयोग से संबंधित बैंक और नोडल अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया। त्वरित कार्रवाई के चलते ठगी गई पूरी राशि पीड़ित के खाते में वापस कराई गई।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें और किसी भी अनजान कॉल या लिंक पर अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या व्यक्तिगत विवरण साझा न करें।










































