सहारनपुर : जनपद में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन सवेरा” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। थाना नकुड़ पुलिस टीम ने दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 504 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी नकुड़ के पर्यवेक्षण में थाना नकुड़ प्रभारी सुरेश कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान अम्बेहटी मार्ग पर स्थित एक आम के बाग से शमशाद और समयदीन निवासी नवाजपुर खेड़ा को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
ट्रक चालकों और अन्य लोगों को करते थे स्मैक सप्लाई
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले भी कई बार जेल जा चुके हैं और लंबे समय से स्मैक तस्करी में लिप्त हैं। वे गंगोह बाईपास पर ट्रक चालकों और अन्य लोगों को स्मैक सप्लाई कर मोटा मुनाफा कमाते थे। गौरतलब है कि मुख्य आरोपी शमशाद पर पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि समयदीन का भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)










































