गोंडा में औचक निरीक्षण में आयुक्त ने परखी कार्यप्रणाली, कार्यालयों में पारदर्शिता और व्यवस्था सुधार पर दिया जोर

गोंडा : देवीपाटन मंडल की नवागत आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने बुधवार को आयुक्त कार्यालय परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव और कार्यालयों की कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान देते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

आयुक्त ने कहा कि स्वच्छ और सुव्यवस्थित कार्यालय कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ आमजन में सकारात्मक संदेश भी देता है। उन्होंने नियमित साफ-सफाई, समय-समय पर रंगाई-पुताई और कार्यस्थल को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी कार्यालयों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध कार्य निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। फाइलों के सही रखरखाव, अद्यतन अभिलेखों की उपलब्धता और आवश्यक दस्तावेजों को सुरक्षित व सुव्यवस्थित रखने पर भी उन्होंने जोर दिया।

Also Read: ’30 लाख में ठेका और ‘कमांडो सर्जरी’ कोडवर्ड नेटवर्क…’, Kanpur Kidney Transplant Scam में बड़ा खुलासा

निरीक्षण के बाद आयुक्त ने जनता दर्शन कार्यक्रम में भाग लेकर आमजन की समस्याएं सुनीं। विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की शिकायतों पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शासन की महत्वपूर्ण व्यवस्था है और प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।