Saharanpur में बैनर लेकर SSP से मिलने पहुंचा बुजुर्ग, लिखा- ‘मेरा बेटा 4 जिलों का अपराधी है’

Saharanpur: पुलिस लाइन में शुक्रवार को उस समय लोगों की नजर एक बुजुर्ग पर टिक गई, जब वह हाथ में बैनर लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचा। बैनर पर बड़े अक्षरों में लिखा था- “मेरा बेटा 4 जिलों का अपराधी है।” बुजुर्ग ने अपने ही बड़े बेटे पर ठगी, संपत्ति कब्जाने, मारपीट और पत्नी की हत्या कराने समेत कई गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

जानिए क्या है पूरा मामला?

मिरगपुर पान्जूवाला निवासी हुकुमचंद पुत्र फूल सिंह ने SSP को दिए प्रार्थना पत्र में अपने बड़े बेटे अशोक, उसकी पत्नी संगीता और बेटे भारत के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हुकुमचंद का दावा है कि उसने अपनी नौकरी और रिटायरमेंट की रकम से वर्ष 2001 में करीब 13 बीघा जमीन पर वृद्धाश्रम बनवाया था। उनका कहना है कि वर्ष 2001 से 2021 तक यहां गरीब और असहाय बुजुर्गों की सेवा की गई। बुजुर्ग का आरोप है कि उनके बड़े बेटे अशोक ने कई लोगों से नौकरी लगवाने और प्रमाणपत्र बनवाने के नाम पर रकम ली, जिसके बाद कई लोगों की शिकायतें सामने आईं। उनका दावा है कि सामाजिक प्रतिष्ठा बचाने के लिए उन्हें कुछ लोगों की रकम अपनी ओर से लौटानी पड़ी। शिकायत में शामली निवासी एक व्यक्ति के 15 लाख रुपये भी बकाया होने का आरोप लगाया गया है।

ALSO READ: Gonda: शादी का झांसा देकर दुराचार के आरोप में वांछित आरोपी गिरफ्तार, मुंबई भागने की फिराक में था कैफ

हुकुमचंद ने वृद्धाश्रम की जमीन को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जमीन का बैनामा उनके और छोटे बेटे उत्तम कुमार से अशोक के नाम कराया गया, लेकिन इसके बदले कोई रकम नहीं दी गई। बाद में इसी संपत्ति पर कब्जा कर होटल बनाए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में हुकुमचंद ने अपनी पत्नी शबरती की मौत को लेकर भी साजिश का आरोप लगाया है। साथ ही खुद को धीमा जहर देने का प्रयास करने की बात कही है। उन्होंने 1 जनवरी 2024 की एक घटना का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि अशोक, संगीता और भारत ने उनके तथा छोटे बेटे उत्तम कुमार के साथ मारपीट की थी। बुजुर्ग का कहना है कि घटना की वीडियो भी उनके पास मौजूद है। वहीं, हुकुमचंद के छोटे बेटे उत्तम कुमार ने बताया कि परिवार इस मामले को लेकर लंबे समय से परेशान है। उन्होंने कहा कि SSP ने शिकायत की जांच कराने और जांच के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उत्तम ने बताया कि वह मुजफ्फरनगर के रहने वाले हैं और पेशे से अधिवक्ता हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)