UP: बेसिक शिक्षा की समीक्षा में डीएम सख्त, कमजोर प्रगति पर बीईओ से मांगा स्पष्टीकरण

जौनपुर: जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई। इसमें विद्यालयों में कायाकल्प, स्मार्ट क्लास, छात्र नामांकन, लर्निंग आउटकम, मिड-डे मील और शैक्षिक गुणवत्ता समेत विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने कायाकल्प के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने जर्जर विद्यालय भवनों को नियमानुसार ध्वस्त कराने तथा नए भवन निर्माण के प्रस्ताव तैयार करने को कहा। विभिन्न पैरामीटर पर विद्यालयों की प्रगति की समीक्षा में करंजाकला और मुंगराबादशाहपुर विकासखंड की प्रगति अपेक्षाकृत कम मिलने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।स्मार्ट क्लास की समीक्षा के दौरान डीएम ने सभी विद्यालयों में इसके प्रभावी संचालन पर जोर दिया। उन्होंने नियमित निगरानी के लिए व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने और प्रतिदिन कक्षाओं के संचालन की वीडियो क्लिप साझा करने के निर्देश दिए।

ALSO READ: UP: पूर्वांचल के जिलों में बदला मौसम का मिज़ाज, उमश भरी गर्मी से मिली राहत तो बारिश ने बढ़ाई आफत

उन्होंने पंचायत भवनों में स्थापित डिजिटल लाइब्रेरी का बच्चों के हित में प्रभावी उपयोग कराने तथा विद्यालयों में अनिवार्य रूप से पैरेंट्स-टीचर मीटिंग आयोजित करने को कहा। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में मिशन शक्ति के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।विद्यालयों की छतों के ऊपर से गुजर रहे विद्युत तारों को न हटाए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। छात्र नामांकन बढ़ाने के लिए अभियान चलाने और बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र बनवाने की प्रक्रिया प्राथमिकता से पूरी कराने को कहा।

बैठक में उत्कृष्ट कार्य के लिए खंड शिक्षा अधिकारी मड़ियाहूं उदयभान कुशवाहा तथा राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक संजय मिश्रा को स्मृति चिह्न व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। जिला पूर्ति अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों में गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने और निर्धारित मेन्यू के अनुसार बच्चों को मिड-डे मील उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)