Etawah: भतौरा में बारिश का कहर, खेत बने तालाब, जनरेटर से पानी निकालने को मजबूर किसान

Etawah: तहसील क्षेत्र के गांव भतौरा में बारिश के बाद खेतों में पानी भर जाने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जलभराव के चलते खेतों में खड़ी फसलों पर संकट मंडरा रहा है। पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण किसान अपने स्तर से खेतों से पानी निकालने में जुटे हुए हैं।

जानिए क्या है पूरा मामला?

ग्रामीणों द्वारा जनरेटर की मदद से टुल्लू पंप चलाकर खेतों में जमा पानी को बाहर निकाला जा रहा है। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें किसान जनरेटर के माध्यम से टुल्लू पंप चलाकर खेतों से पानी निकालते दिखाई दे रहे हैं। किसानों का कहना है कि यदि खेतों में लंबे समय तक पानी जमा रहा तो फसलों के सड़ने और खराब होने की आशंका बढ़ जाएगी। किसानों के मुताबिक बारिश के कारण पहले ही फसलों को नुकसान पहुंचा है। अब खेतों में लगातार पानी भरा रहने से नुकसान और बढ़ने की चिंता है। किसानों ने प्रशासन से तत्काल मौके पर राजस्व विभाग की टीम भेजकर फसलों और खेतों में हुए नुकसान का स्थलीय सर्वे कराने की मांग की है।

ALSO READ: Barabanki: घाघरा नदी का जलस्तर लाल निशान से 70 सेमी ऊपर, तराई क्षेत्र में बाढ़-कटान का खतरा बढ़ा

किसानों ने मांग की है कि नुकसान का आकलन कर पात्र प्रभावित किसानों को नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाया जाए। साथ ही गांव में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की भी मांग उठाई है, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान खेतों में जलभराव की समस्या से किसानों को राहत मिल सके।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)