Etawah: बकेवर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है। पुलिस की कार्रवाई से मामले में शामिल अन्य आरोपियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।
जानिए मामले से जुड़ी पूरी जानकारी
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को गुलजार नगर, महेवा निवासी रामबाबू के परिवार के साथ पारिवारिक विवाद को लेकर मारपीट हुई थी। आरोप है कि विवाद के दौरान कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला किया गया। हमले में रामबाबू के सिर में कुल्हाड़ी लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मामले में रामबाबू की पत्नी छोटी बिट्टी की तहरीर पर थाना बकेवर में हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी। मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित अभियुक्त अविनाश उर्फ सोनू, महेवा के पीछे नया नगला मोड़ के पास बरगद के पेड़ के नीचे बैठा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि विवाद के बाद उसने अपने भाई वीटू के साथ मिलकर रामबाबू और उसके परिजनों पर कुल्हाड़ी व डंडे से हमला किया था। इसके बाद उसने हथियारों को बोरी में रखकर बरगद के पेड़ के पास झाड़ियों में छिपा दिया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर झाड़ियों से कुल्हाड़ी और लकड़ी का डंडा बरामद कर लिया।कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विपिन कुमार, उपनिरीक्षक रजनीश तिवारी, हेड कांस्टेबल मनमोहन सिंह, हेड कांस्टेबल संजीव कुमार, कांस्टेबल आशुतोष मिश्रा और कांस्टेबल विजय कुमार शामिल रहे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































