फर्रुखाबाद: गैस सिलेंडर बुकिंग के लिए मची होड़, भीड़ बेकाबू होने पर बुलानी पड़ी पुलिस, अधिकारी बोले- जिले में गैस की कोई कमी नहीं

UP: फर्रुखाबाद (Farrukhabad) जिले की गैस एजेंसियों में इन दिनों सिलेंडर बुकिंग कराने के लिए ग्राहकों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। अफवाहों और गैस की कमी के डर के कारण लोग सुबह से शाम तक लाइनों में खड़े रहने को मजबूर हैं। प्रशासन और एजेंसी संचालक बार-बार यह स्पष्ट कर रहे हैं कि जिले में गैस की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।

लालसराय में भीड़ नियंत्रण से बाहर

शुक्रवार को लालसराय के पानी की टंकी के पास स्थित गैस एजेंसी पर स्थिति अनियंत्रित हो गई, जब बड़ी संख्या में लोग बुकिंग के लिए पहुंचे। स्थिति बिगड़ने पर मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी। एक उपनिरीक्षक और एक जवान ने तुरंत हस्तक्षेप कर ग्राहकों को व्यवस्थित लाइन में लगवाया और हालात को काबू में किया।

Also Read: गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर एक्शन मोड में योगी सरकार, सख्त कार्रवाई के आदेश

लंबी कतारों में घंटों इंतजार

ग्राहकों का कहना है कि वे सिलेंडर की कमी के डर से जल्दी एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। मोहल्ला बीबीगंज के आकाश गुप्ता ने बताया कि वे 40 मिनट से लाइन में थे, लेकिन उनका नंबर नहीं आया। मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र के सलमान और जाकिर दो घंटे से इंतजार करने के बावजूद बुकिंग नहीं करा पाए। वहीं, अबरार तो सुबह 7 बजे से लाइन में थे, लेकिन 10:30 बजे तक भी उनका नंबर नहीं आया।

जिला आपूर्ति अधिकारी की चेतावनी

जिला आपूर्ति अधिकारी (DSO) सुरेंद्र यादव ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और सभी एजेंसियों में सिलेंडर पूरी तरह उपलब्ध हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। अधिकारियों का कहना है कि पर्याप्त गैस होने के बावजूद लोग केवल अपनी सुरक्षा और सिलेंडर सुनिश्चित करने के लिए जल्दी आ रहे हैं।

Input- Abhishek Gupta (Reporter-Farrukhabad) 

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)