पैर कुर्सी पर, मोबाइल हाथ में! अमेठी में एडीओ पंचायत मनोज चौधरी की कार्यशैली पर उठे सवाल

अमेठी: अमेठी जिले के शाहगढ़ विकास खंड में तैनात एडीओ पंचायत मनोज चौधरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अधिकारी कार्यालय समय के दौरान अपनी कुर्सी पर पैर रखकर आराम की मुद्रा में मोबाइल का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर उनकी कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

ग्रामीणों ने जताई नाराजगी, कहा- समस्याओं के समाधान में हो रही देरी

स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस समय अधिकारी इस स्थिति में बैठे थे, उसी दौरान कई ग्रामीण अपनी शिकायतों और समस्याओं के समाधान के लिए ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे हुए थे। लोगों का कहना है कि जनहित से जुड़े पदों पर बैठे अधिकारियों से जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की अपेक्षा की जाती है, लेकिन ऐसी तस्वीरें प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।

Also Read: UP: भाभी के प्यार में अंधा हुआ मौसेरा भाई, रात के सन्नाटे में चारपाई पर सो रहे भाई का बांके से काट डाला चेहरा, गिरफ्तार

जांच और कार्रवाई की उठी मांग

वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र के नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी दफ्तरों में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित होना जरूरी है, ताकि आम लोगों को समय पर सेवाएं मिल सकें और प्रशासन पर जनता का भरोसा कायम रहे।

सीडीओ ने लिया संज्ञान, जांच के दिए निर्देश

मामले पर मुख्य विकास अधिकारी पूजा यादव ने कहा कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रशासन सरकारी कार्यालयों में बेहतर कार्य संस्कृति और प्रभावी जनसुनवाई व्यवस्था को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)