‘SIT जांच से सब साफ हो जाएगा, राम भक्तों पर गोली चलाने वाले उपदेश दे रहे…’, सीएम योगी का विपक्ष पर हमला

UP: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या के रुदौली विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक विशाल जनसभा के दौरान प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने 378 करोड़ से अधिक लागत वाली 126 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय की आधारशिला रखी गई, वहीं वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा का भी अनावरण किया गया।

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर दिया स्पष्ट संदेश

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के आरोपों पर अपनी बात रखते हुए कहा कि राम मंदिर के निर्माण के लिए पांच शताब्दियों तक संघर्ष किया गया है, इसलिए अयोध्या की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास कोई ठोस साक्ष्य है तो उसे एसआईटी को उपलब्ध कराया जाए, ताकि निष्पक्ष जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

Also Read: ‘हमने SIT बनाई है, वो दूध का दूध और पानी का पानी करेगी…’, राम मंदिर चढ़ावा चोरी घोटाले पर बोले सीएम योगी

विपक्ष पर साधा निशाना

सीएम योगी ने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोग केवल अयोध्या को बदनाम करने की राजनीति कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा राम भक्तों पर गोली चलाने वाले उपदेश दे रहे, लेकिन SIT जांच से सब साफ हो जाएगा।

जांच पूरी होने तक बयानबाजी से बचने की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईटी की रिपोर्ट आने से पहले किसी भी व्यक्ति को बिना तथ्यों के बयानबाजी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी का चरित्र हनन करना उचित नहीं है। साथ ही भरोसा दिलाया कि यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई तय है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Also Read: राम मंदिर चढ़ावा घोटाला: चंपत राय के करीबी टिन्नू यादव से 4 घंटे पूछताछ, संपत्तियों का ब्योरा तलब

वीरांगनाओं के नाम पर बेटियों के लिए नई पीएसी बटालियन

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रनायकों और वीरांगनाओं के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने वीरांगना अवंतीबाई लोधी, झलकारी बाई कोरी और उदा देवी पासी के नाम पर पीएसी की तीन नई बटालियन गठित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि इन विशेष बटालियनों में केवल बेटियों की भर्ती की जाएगी, जिससे महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)