अमेठी में तैनात महिला सिपाही ने कानपुर में फंदे से लटककर दी जान, पिता ने जताई थाने में परेशानी की आशंका

अमेठी: अमेठी जिले के मोहनगंज थाने की महिला हेल्प डेस्क पर तैनात 22 वर्षीय महिला आरक्षी प्रतीक्षा सिंह ने कानपुर देहात के रेउना क्षेत्र स्थित अपने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। प्रतीक्षा वर्ष 2025 बैच की कांस्टेबल थीं और करीब पांच महीने पहले ही पुलिस विभाग में भर्ती हुई थीं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है।

परिजनों के मुताबिक प्रतीक्षा बुधवार सुबह करीब छह बजे सात दिन की छुट्टी लेकर अमेठी से अपने घर के लिए निकली थीं। रास्ते में उन्होंने अपनी छोटी बहन दीपा को फोन किया और तनाव में होने की बात कही। जानकारी मिलने पर पिता विजय सिंह उन्हें लेने गजनेर स्टेशन पहुंचे। पिता के अनुसार स्टेशन पर प्रतीक्षा काफी गुमसुम थीं। उदासी का कारण पूछने पर उन्होंने तबीयत खराब होने की बात कही।

Also Read: ’10 साल की सजा, 10 करोड़ जुर्माना…’, पेपर लीक माफियाओं पर कसेगा शिकंजा, सरकार के नए सख्त कानून को कैबिनेट की मंजूरी

घर पहुंचने के बाद छोटी बहन ने भी प्रतीक्षा से उनकी परेशानी के बारे में पूछा। बताया गया कि प्रतीक्षा ने कहा कि वह थोड़ी देर बाद सब बताएंगी। इसके बाद वह अपने कमरे में चली गईं। कुछ देर बाद बहन कमरे में पहुंची तो प्रतीक्षा फंदे से लटकी मिलीं। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस को प्रतीक्षा का मोबाइल फोन रिसेट अवस्था में मिला है। फोन को कब्जे में लेकर तकनीकी जांच के लिए भेजा गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मोबाइल कब और किन परिस्थितियों में रिसेट हुआ।

Also Read: गोरखपुर AIIMS में नवजात बच्चा बदलने का आरोप, परिजनों ने लगाया हंगामा, प्रशासन ने निराधार बताते हुए थाने में दी तहरीर

प्रतीक्षा के पिता विजय सिंह ने कहा कि उनकी बेटी नौकरी को लेकर खुश थी और पुलिस की वर्दी पहनना उसका सपना था। उन्होंने आशंका जताई कि थाने में कुछ ऐसा हुआ होगा, जिसकी वजह से वह तनाव में आई। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।

अमेठी एसपी का बयान

अमेठी एसपी ने बताया कि महिला आरक्षी प्रतीक्षा सिंह के आत्महत्या करने का मामला संज्ञान में आया है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जानकारी पुलिस को नहीं है और इस संबंध में अभी कोई शिकायत पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)