अमेठी में 2.20 करोड़ के नाले का हिस्सा ढहा, निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल, PWD ने ठेकेदार को दिया था नोटिस

अमेठी: अमेठी नगर पंचायत अमेठी में जल निकासी के लिए करीब 2 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से बन रहा नाला निर्माण शुरू होने के साथ ही सवालों के घेरे में आ गया है। सुल्तानपुर रोड पर बीती रात बनाया गया नाला सुबह होते ही धराशायी हो गया। नाला गिरने की जानकारी मिलते ही व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष महेश सोनी समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंच गए। व्यापारियों ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच की मांग की।

अमेठी नगर पंचायत क्षेत्र में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए दुर्गापुर रोड और सुल्तानपुर रोड पर नाला निर्माण कराया जा रहा है। व्यापारियों का आरोप है कि निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से ही इसकी गुणवत्ता को लेकर शिकायतें की जा रही थीं। नगर पंचायत से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों तक शिकायत करने के बावजूद समय रहते कार्रवाई नहीं हुई।

Also Read: ’10 साल की सजा, 10 करोड़ जुर्माना…’, पेपर लीक माफियाओं पर कसेगा शिकंजा, सरकार के नए सख्त कानून को कैबिनेट की मंजूरी

व्यापारियों ने लगाए गंभीर आरोप

व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष एवं भाजपा नेता महेश सोनी ने आरोप लगाया कि नाला निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कई बार नगर पंचायत, एसडीएम और डीएम स्तर पर शिकायत की गई, लेकिन निर्माण कार्य जारी रहा। उनका दावा है कि नाले में निर्धारित मात्रा में सरिया नहीं लगाया जा रहा है। उन्होंने नाले को तोड़कर मानकों के अनुरूप दोबारा निर्माण कराने की मांग की।महेश सोनी ने कहा कि जल निकासी के लिए सरकार की ओर से करोड़ों रुपए की धनराशि दी गई है। इसके बावजूद निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो मामले की शिकायत मुख्यमंत्री स्तर तक की जाएगी।

Also Read: गोरखपुर AIIMS में नवजात बच्चा बदलने का आरोप, परिजनों ने लगाया हंगामा, प्रशासन ने निराधार बताते हुए थाने में दी तहरीर

व्यापारी बोले- शिकायत के बाद भी नहीं हुई जांच

व्यापारी सुशील जायसवाल ने कहा कि नाला निर्माण को लेकर लगातार शिकायत की जा रही थी। इसके बावजूद कोई अधिकारी मौके पर पहुंचकर निर्माण की जांच करने नहीं आया। उन्होंने कहा कि अब नाला गिरने के बाद पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जानी चाहिए।

PWD अधिकारी बोले- नोटिस के बावजूद कराया जा रहा काम

मामले में PWD के अमित पाठक ने बताया कि संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर काम करने से मना किया गया था। इसके बावजूद ठेकेदार द्वारा काम कराया जा रहा है। अधिकारी के मुताबिक मामले में विभाग की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)