बरेली में विधवा और नाबालिग बेटी से मारपीट, कपड़े फाड़ने का आरोप, चार पर मुकदमा दर्ज

बरेली: देवरनिया थाना क्षेत्र के एक गांव में दबंगों द्वारा विधवा महिला और उसकी नाबालिग पुत्री के साथ मारपीट तथा अभद्रता का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने बताया कि वह अपने आम के बाग में नाबालिग बेटी के साथ गई थी। बाग का पारिवारिक बंटवारा होना है। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही गोपाल भानू, सुरेश, जयप्रकाश और उनके एक साथी वहां पहुंच गए। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर मां-बेटी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

Also Read: UP: बलिया में पुलिस मुठभेड़, चोरी की योजना बना रहे बदमाशों से भिड़ी बांसडीह पुलिस, एक के पैर में लगी गोली

पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसकी बेटी के साथ खींचतान की, जिससे उसके कपड़े फट गए। मां-बेटी के साथ अशोभनीय हरकत भी की गई। किसी तरह दोनों वहां से जान बचाकर भागीं। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। विधवा महिला ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि दबंगों ने जान से मारने की धमकी भी दी है। पीड़िता ने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

देवरनिया पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)