गोण्डा: छत की ढलाई से पहले हादसा, शटरिंग लगाते समय नीचे गिरा मजदूर, मौके पर मौत

गोण्डा: कोतवाली कर्नलगंज के चचरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत बिबियापुर गोसाईं गांव में मंगलवार शाम छत की ढलाई के दौरान शटरिंग लगाते समय एक मजदूर अचानक नीचे गिर गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।मृतक की पहचान वासुदेव (35) पुत्र त्रिलोकी निवासी राजस्व ग्राम दिनकरिया झलियनपुरवा, मौजा नकार के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।

बता दें मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह बिबियापुर गोसाईं के मजरा गोसाईं पुरवा में एक मकान की छत की ढलाई के लिए शटरिंग लगा रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया और गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मृतक के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। पिता की मौत से बच्चों के सिर से साया उठ गया, वहीं पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि वासुदेव परिवार की रोजी-रोटी का मुख्य सहारा था। उसकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

Also Read: UP: भाखड़ा नदी में गिरे बुजुर्ग को पुलिस ने पेड़ से सकुशल निकाला, बड़ा हादसा टला

ग्रामीणों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति रही। आसपास मौजूद लोगों ने परिजनों को सूचना दी और शव को नीचे से उठाकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने की व्यवस्था की। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। हर कोई मृतक के परिवार की स्थिति को लेकर चिंतित नजर आया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।परिजन शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्नलगंज लेकर पहुंचे, जहां पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस द्वारा घटना से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।मौजा नकार के प्रधान प्रतिनिधि बलवंत शुक्ल उर्फ कक्कन ने बताया कि मृतक बेहद गरीब परिवार से था और मजदूरी करके परिवार चलाता था। हादसे की सूचना राजस्व अधिकारियों को दे दी गई है। पीड़ित परिवार को सरकार से अनुमन्य सहायता दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)