गोण्डा: विद्यार्थियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने स्कूल वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। DTC लखनऊ के नेतृत्व में RTO-A, RTO-E (देवीपाटन क्षेत्र) और ARTO गोण्डा की संयुक्त टीम ने स्कूल वाहनों की फिटनेस, सुरक्षा मानकों और आवश्यक अभिलेखों की जांच की। इस दौरान चालकों के पुलिस-वेरिफाइड कैरेक्टर सर्टिफिकेट भी जांचे गए।
जांच के दौरान निर्धारित मानकों पर खरे न उतरने वाले 9 स्कूल वाहनों को RTO कैम्पस यार्ड, गोण्डा में जब्त किया गया, जबकि 7 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
परिवहन अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों को वाहनों की फिटनेस, सुरक्षा उपकरणों एवं आवश्यक दस्तावेजों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। साथ ही चालकों के सत्यापन और निर्धारित पात्रताओं का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
जब्त किए गए सभी 9 स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच शुक्रवार को ही कराने के निर्देश दिए गए हैं। परिवहन विभाग ने स्कूल संचालकों से अपील की कि वे समय से वाहनों की फिटनेस कराएं और सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें।अधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल वाहनों की जांच और प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि सड़क पर केवल सुरक्षित और फिट वाहन ही संचालित हों।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































