बांदा: धान की रोपाई करने निकला 50 वर्षीय मजदूर नाले के गहरे पानी में समा गया।रात भर उम्मीद में टकटकी लगाए बैठे परिजनों की आस शुक्रवार सुबह उस वक्त टूट गई,जब करीब 18 घंटे की तलाश के बाद झाड़ियों में उसका शव फंसा मिला।शव देखते ही पत्नी और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।थाना क्षेत्र के लोधौरा गांव निवासी 50 वर्षीय चुन्नू वर्मा गुरुवार को मजदूरी करने विसाहिल नाला के दूसरी ओर जा रहे थे।इसी दौरान अचानक पैर फिसला और वह गहरे पानी में जा गिरे।कुछ ही पल में वह पानी में लापता हो गए।
ALSO READ: उत्तर प्रदेश : ईसन नदी पुल पर धंसी सड़क बनी खतरा, ग्रामीणों ने तत्काल मरम्मत की उठाई मांग
हादसे के बाद ग्रामीणों, परिजनों और स्थानीय गोताखोरों ने तत्काल तलाश शुरू की।देर रात तक नाले में खोजबीन होती रही,लेकिन चुन्नू का कोई पता नहीं चला। रात बीतने के साथ परिजनों की बेचैनी बढ़ती गई।शुक्रवार सुबह करीब छह बजे फिर शुरू हुई तलाश।ग्रामीण और गोताखोर नाले के आसपास छानबीन कर रहे थे।करीब आठ बजे घटनास्थल से लगभग 300 मीटर दूर नाले किनारे झाड़ियों में अचानक किसी के बाल दिखाई दिए। ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो वहां चुन्नू का शव फंसा हुआ था।
Also Read: UP: ‘घर में सेंध, लाखों का माल पार…’, पांच दिन बाद भी FIR नहीं, SP कार्यालय पहुंचा पीड़ित
शव बाहर निकलते ही 18 घंटे से बेटे-पति की सलामती की आस लगाए परिजनों की उम्मीदें मातम में बदल गईं।पत्नी कुसमा समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।थाना प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि पैर फिसलने से मजदूर नाले में डूब गया था।ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब 18 घंटे बाद शव बरामद किया गया।


















































