गोंडा: आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस ने कसी कमर, डीआईजी ने दिए सतर्कता के निर्देश

गोंडा: आगामी त्योहारों एवं सावन माह के दृष्टिगत जनपद में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में समीक्षा एवं समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। डीआईजी देवीपाटन परिक्षेत्र अशोक कुमार शुक्ला ने पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल के साथ जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, धार्मिक स्थलों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन तथा आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। डीआईजी ने अधिकारियों को अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी, नियमित पैदल एवं रात्रि गश्त तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने पर भी जोर दिया गया।

धार्मिक कार्यक्रमों, जुलूसों और शोभायात्राओं के आयोजकों से समन्वय स्थापित कर निर्धारित मार्ग एवं व्यवस्थाओं का पालन सुनिश्चित कराने तथा सोशल मीडिया पर अफवाह और भ्रामक सूचनाओं की निगरानी के निर्देश दिए गए। साथ ही लंबित विवेचनाओं, गंभीर अपराधों, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की स्थिति की समीक्षा की गई।

Also Read: UP: 43 लाख की जमीन धोखाधड़ी में वांछित आरोपी गिरफ्तार, रुपये मांगने पर दी थी जान से मारने की धमकी

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर कानून-व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए। बाजारों, धार्मिक स्थलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित गश्त और चेकिंग बढ़ाने को कहा गया। त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए यातायात पुलिस और थाना पुलिस को संयुक्त रूप से प्रभावी प्रबंधन करने के निर्देश दिए गए।

अवैध शराब, मादक पदार्थ और अवैध शस्त्रों के विरुद्ध अभियान तेज करने, सक्रिय अपराधियों पर निरोधात्मक कार्रवाई तथा बीट पुलिसिंग और मुखबिर तंत्र को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। महिला एवं बाल अपराधों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई तथा महिला बीट अधिकारियों को महिलाओं और बालिकाओं से नियमित संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि त्योहारों के दौरान पुलिस की मौजूदगी और सक्रियता स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए तथा किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)