UP: बांदा बिसंडा थाना क्षेत्र के सिकलोढ़ी गांव में करीब 9 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शुरुआत में परिवार को आशंका थी कि किसी बाहरी व्यक्ति ने घर में चोरी की है, लेकिन जांच में वारदात का आरोपी परिवार का ही सदस्य निकला।
15 अगस्त को हुई थी चोरी
गांव में 15 अगस्त को एक महिला के घर से उसके आभूषण चोरी हो गए थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने 16 अगस्त को पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की।
जांच में सामने आया रामबली का नाम
पुलिस के अनुसार, छानबीन के दौरान रामबली पुत्र दयाराम पर संदेह गहराया। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 18 अगस्त को गोकुल पुरवा-इटरा मिलौली मार्ग पर पुलिया के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कबूला अपराध, पूरे गहने बरामद
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपनी भाभी के आभूषण चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सभी आभूषण बरामद कर लिए। बरामद सामान में झुमकी, मंगलसूत्र, मनचली, लॉकेट माला, छागल, हाफपेटी, कमरपेटी और दो जोड़ी पायल शामिल हैं।
लाखों के जेवर वापस, आरोपी पर केस
पुलिस ने बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई है। मामले में रामबली के खिलाफ मु0अ0सं0 388/26 के तहत धारा 305(ए)/317(2) बीएनएस में कार्रवाई की गई है। पुलिस की कार्रवाई से चोरी का राज खुलने के साथ परिवार के लाखों रुपये के गहने भी वापस मिल गए।



















































