गोरखपुर पुलिस परिवार ने अपने लोकप्रिय और प्रभावी वरिष्ठ अधिकारी डीआईजी राज करन नय्यर को भावुक विदाई दी। गाजियाबाद में अपर पुलिस आयुक्त के पद पर स्थानांतरण के बाद पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में आयोजित गरिमामय समारोह में पूरा पुलिस महकमा एकजुट नजर आया। एडीजी जोन मुथा अशोक जैन के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में अधिकारियों, जवानों और थाना प्रभारियों ने राज करन नय्यर के कार्यकाल की सराहना की और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रहे राज करन नय्यर को तीन माह पूर्व ही डीआईजी के पद पर पदोन्नति मिली थी। उनके प्रशासनिक अनुभव, कार्यकुशलता और संवेदनशील पुलिसिंग को देखते हुए शासन ने उन्हें गाजियाबाद जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण कमिश्नरेट में अपर पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी। गोरखपुर में उनके कार्यकाल को अपराध नियंत्रण, अनुशासन और टीम भावना के लिए हमेशा याद किया जाएगा।
विदाई समारोह का नेतृत्व एडीजी जोन मुथा अशोक जैन ने किया। उन्होंने राज करन नय्यर की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने गोरखपुर जैसे बड़े और चुनौतीपूर्ण जिले में कानून-व्यवस्था को नई दिशा दी। अपराध नियंत्रण के साथ-साथ पुलिसकर्मियों के मनोबल को ऊंचा रखने में उनकी भूमिका सराहनीय रही। एडीजी ने कहा कि नय्यर जैसे अधिकारी जहां भी जाते हैं, वहां अपनी अलग पहचान बनाते हैं।
समारोह में एसपी सिटी अभिनव त्यागी, एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र, एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार, एसपी अपराध सुधीर जायसवाल, एसपी ट्रैफिक राजकुमार पांडेय, सहायक पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार एस, सहायक पुलिस अधीक्षक दिनेश गोदरा सहित जनपद के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा सभी सर्किलों के सीओ—सीओ कैंट योगेंद्र सिंह, सीओ कोतवाली ओमकार दत्त तिवारी, सीओ गोरखनाथ रवि सिंह, सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह, सीओ खजनी कमलेश सिंह, सीओ गोला, सीओ चौरीचौरा दरवेश, सीओ ट्रैफिक विवेक तिवारी सहित थाना प्रभारी और थानाध्यक्ष भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
विदाई समारोह की सबसे भावुक घड़ी तब आई जब थाना प्रभारी, क्षेत्राधिकारी और अधीनस्थ अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में राज करन नय्यर के साथ किए गए अभियानों, मार्गदर्शन और टीम वर्क को याद किया। वक्ताओं ने बताया कि नय्यर ने हमेशा टीम भावना को प्राथमिकता दी और हर स्तर के अधिकारी-कर्मचारी को साथ लेकर चलने का प्रयास किया।
अपने संबोधन में डीआईजी राज करन नय्यर ने गोरखपुर पुलिस परिवार का हृदय से आभार जताया। उन्होंने कहा कि गोरखपुर उनका सिर्फ कार्यस्थल नहीं, बल्कि एक परिवार बन गया था। यहां की टीम ने हर चुनौती में उनका साथ दिया, जिससे कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में सफलता मिली। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग केवल सख्ती नहीं, बल्कि संवेदनशीलता और जनता से संवाद का नाम है, जिसे गोरखपुर पुलिस ने बखूबी निभाया।
उन्होंने सभी अधिकारियों और जवानों से ईमानदारी, निष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया। साथ ही विश्वास जताया कि गोरखपुर पुलिस आने वाले समय में भी उत्कृष्ट कार्य करती रहेगी और प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाए रखेगी।
समारोह के अंत में अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से राज करन नय्यर को स्मृति चिन्ह, पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। पूरे व्हाइट हाउस सभागार में तालियों की गूंज और सम्मान का भाव साफ झलक रहा था। यह विदाई समारोह केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक ऐसे कप्तान के प्रति स्नेह और सम्मान का प्रतीक था, जिसने अपने कार्यकाल में गोरखपुर पुलिस को नई ऊर्जा और दिशा दी।
गोरखपुर पुलिस के इतिहास में राज करन नय्यर का कार्यकाल सशक्त, अनुशासित और संवेदनशील पुलिसिंग के रूप में लंबे समय तक याद रखा जाएगा। गाजियाबाद में नई जिम्मेदारी के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना सभी ने की।
INPUT-ANANYA MISHRA



































