जीएस और कंप्यूटर के सवालों ने बढ़ाई धड़कनें, लेखपाल परीक्षा में अभ्यर्थी रहे उलझे

फर्रुखाबाद : फर्रुखाबाद जिले में गुरुवार को आयोजित लेखपाल भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर हजारों अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान सामान्य ज्ञान (जीएस) और कंप्यूटर से जुड़े सवालों ने कई अभ्यर्थियों को उलझन में डाल दिया, जबकि गणित और रीजनिंग के प्रश्न अपेक्षाकृत आसान बताए गए।

परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू हुई, लेकिन अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे से ही केंद्रों में प्रवेश दिया जाने लगा था। सुरक्षा जांच और दस्तावेज सत्यापन के बाद सुबह 9:30 बजे तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर ली गई। परीक्षा दोपहर 12 बजे समाप्त हुई।

परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को मिला-जुला बताया। उन्नाव से आए अभ्यर्थी शिवम तिवारी ने कहा कि गणित और रीजनिंग के सवाल सरल थे, लेकिन सामान्य ज्ञान के प्रश्नों ने काफी सोचने पर मजबूर किया। वहीं अभ्यर्थी सचिन ने बताया कि कंप्यूटर के अधिकांश प्रश्न आसान थे, हालांकि पर्यावरण से जुड़े कुछ सवाल कठिन लगे। उन्होंने करीब 90 प्रश्न हल करने का दावा किया।

Also Read : स्पोर्ट्स के क्षेत्र में विकसित हुए बेहतरीन ईको सिस्टम का परिणाम है रामगढ़ताल : सीएम योगी

एक अन्य अभ्यर्थी अतुल कुमार ने कहा कि जिसने नियमित तैयारी की होगी, उसके लिए पेपर ज्यादा कठिन नहीं था। उनके मुताबिक सवाल सीधे न होकर घुमाकर पूछे गए थे, जिससे कई परीक्षार्थी भ्रमित हुए।

परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। खासकर बैग और अन्य सामान वापस लेने के दौरान अफरा-तफरी जैसी स्थिति बनी रही। जल्दबाजी के चलते कई केंद्रों पर अव्यवस्था भी दिखाई दी।

लेखपाल भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके अलावा कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम से भी परीक्षा की लगातार निगरानी की जाती रही।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)