ज्ञान बिंदु Vs खान ग्लोबल स्टडीज…पटना कोचिंग विवाद पर सियासत तेज, तेजस्वी यादव ने CBI जांच की उठाई मांग

बिहार की राजधानी पटना में ज्ञान बिंदु जी.एस. एकेडमी और खान ग्लोबल स्टडीज के बीच शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर बड़ा मुद्दा बन गया है। मामले में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव खुलकर सामने आए हैं और उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग की है। पत्र को उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी साझा किया है।

पुलिस की निष्पक्षता पर उठाए सवाल

तेजस्वी यादव ने कहा कि इस मामले में स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उनका कहना है कि जब दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हों, तब सच्चाई सामने लाने के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच आवश्यक हो जाती है। उन्होंने सरकार से मामले को गंभीरता से लेने की अपील की है।

सोशल मीडिया के जरिए सरकार पर हमला

सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि पटना के दोनों कोचिंग संस्थानों के बीच हुए विवाद में मारपीट, तोड़फोड़ और कथित फायरिंग जैसी घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की अब तक की कार्रवाई संतोषजनक नहीं दिख रही है, इसलिए किसी केंद्रीय एजेंसी से जांच कराई जानी चाहिए, ताकि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष पड़ताल हो सके।

कोचिंग संस्थानों की प्रतिस्पर्धा से बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, ज्ञान बिंदु जी.एस. एकेडमी और खान ग्लोबल स्टडीज के बीच लंबे समय से चल रही व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा और आपसी तनाव ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच मारपीट, तोड़फोड़ और कथित गोलीबारी की घटनाएं हुईं, जिससे पटना के कोचिंग हब में तनाव का माहौल बन गया।

नेपाल में हुई मौत ने बढ़ाई संवेदनशीलता

मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब ज्ञान बिंदु जी.एस. एकेडमी के संचालक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पीड़ित परिवार और उनके समर्थकों ने इस घटना में खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक फैजल खान उर्फ खान सर की संलिप्तता के आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)