प्रेमी संग मिलकर पति को सांप से डसवाया! पुलिस ने खोली मेरठ मर्डर मिस्ट्री

मेरठ: हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला हत्या का मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने दावा किया है कि एक महिला ने अपने प्रेमी और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, ग्राम भंडोरा निवासी 35 वर्षीय अतुल पंवार और दामिनी ने वर्ष 2019 में परिवार की इच्छा के विरुद्ध प्रेम विवाह किया था। दोनों मिलकर कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल का संचालन कर रहे थे। इसी दौरान स्कूल के ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की से दामिनी की नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के बीच कथित प्रेम संबंध बन गए। पुलिस का कहना है कि इसी रिश्ते ने अतुल की हत्या की योजना को जन्म दिया।

सांप के काटने से मौत बताने की कोशिश, जांच में हुआ खुलासा

शुक्रवार सुबह दामिनी अपने पति को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और बताया कि रात में उन्हें सांप ने काट लिया था। डॉक्टरों ने अतुल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो बिस्तर के भीतर एक सांप भी मिला। शुरुआत में मामला सामान्य सर्पदंश का ही लगा , लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियां संदिग्ध लगीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और तकनीकी जांच शुरू की। अधिकारियों के अनुसार, सांप की मौजूदगी और घटनास्थल की स्थिति कई सवाल खड़े कर रही थी, जिसके बाद मामले की गहराई से जांच की गई।

Also Read: उत्तर प्रदेश : फर्जी आधार, फर्जी सिम और ऑनलाइन ठगी: मथुरा में साइबर गैंग का बड़ा खुलासा, 12 आरोपी गिरफ्तार

मोबाइल रिकॉर्ड और पूछताछ से सामने आई कथित साजिश

जांच के दौरान दामिनी के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की गई। पुलिस के मुताबिक, दामिनी और तुषार के बीच लगातार संपर्क के प्रमाण मिले। पूछताछ में तुषार ने कथित तौर पर हत्या की पूरी योजना का खुलासा किया। पुलिस का दावा है कि गुरुवार रात अतुल को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर दी गईं, ताकि वह गहरी नींद में चला जाए। इसके बाद जहरीले सांप को कमरे में लाकर कंबल के भीतर छोड़ दिया गया, जिससे सर्पदंश के जरिए हत्या को प्राकृतिक हादसे का रूप देने की कोशिश की गई। इस कथित साजिश में सोनू और उदय नाम के दो अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई है।

बीमा की रकम और पहले भी हत्या की कोशिश का दावा

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अतुल के नाम लगभग 20 लाख रुपये का जीवन बीमा था। आरोप है कि हत्या के बाद मिलने वाली बीमा राशि में से पांच लाख रुपये साजिश में शामिल अन्य आरोपियों को देने की योजना बनाई गई थी। पुलिस के अनुसार, दामिनी और तुषार इसके बाद साथ रहने की तैयारी कर रहे थे और तुषार अपनी पत्नी को तलाक देने की योजना बना रहा था। जांच में यह भी दावा किया गया कि करीब 20 दिन पहले अतुल को कार से टक्कर मारकर मारने की कोशिश की गई थी, लेकिन हेलमेट पहने होने के कारण वह बच गया। उस घटना के बाद भी पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।

Also Read:उत्तर प्रदेश : दुकान में चोरी का खुलासा, कारीगर ही निकला चोर, लाखों की नकदी और लैपटॉप के साथ दो गिरफ्तार

मोबाइल में सांप की तस्वीर बनी अहम सबूत, चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस को तुषार के मोबाइल फोन से एक डिब्बे में बंद सांप की तस्वीर मिली, जिसे जांच का अहम साक्ष्य माना जा रहा है। पूछताछ में तुषार ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने दो सपेरों से जहरीला सांप खरीदा था। बरामद सांप, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और पूछताछ के आधार पर कुछ ही घंटों में पूरे मामले का खुलासा कर दिया गया। पुलिस ने पत्नी दामिनी, उसके कथित प्रेमी तुषार और दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या और आपराधिक साजिश सहित संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)