UP: गाजियाबाद (Ghaziabad) में 11वीं के छात्र सूर्या चौहान की हत्या के बाद प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर उत्तर प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने पश्चिमी यूपी में हाल के दिनों में हुई कई चर्चित हत्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये घटनाएं प्रदेश में बिगड़ती सुरक्षा व्यवस्था की तस्वीर पेश करती हैं।
अखिलेश यादव का एक्स पोस्ट
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने अपने बयान में एक्स पर सरकार पर तीखा तंज कसते हुए पूछा कि पश्चिमी उप्र में एशियन गेम्स में चयनित पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या, राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल (Anushka Pal) की हत्या, सूर्या चौहान (Surya Chauhan) और एक दूध व्यापारी की हत्या, उप्र की कानून व्यवस्था के ठप्प होने का प्रतीक है। ‘गृह’ नामक कोई मंत्रालय यूपी में है क्या या अपराधियों के दुस्साहस को देखकर अंडरग्राउंड हो गया है।
पश्चिमी उप्र में एशियन गेम्स में चयनित पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या, राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल की हत्या, सूर्या चौहान और एक दूध व्यापारी की हत्या, उप्र की क़ानून व्यवस्था के ठप्प होने का प्रतीक है।
‘गृह’ नामक कोई मंत्रालय यूपी में है क्या या अपराधियों के दुस्साहस…
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) June 2, 2026
पैरा एथलीट और कबड्डी खिलाड़ी की हत्या का जिक्र
पूर्व मुख्यमंत्री ने सबसे पहले गाजियाबाद के पैरा एथलीट चिराग त्यागी (Chirag Tyagi) की हत्या का मुद्दा उठाया। चिराग हाल ही में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत चुके थे और एशियन पैरा गेम्स के लिए भी चयनित हुए थे। पुलिस जांच में खेल प्रतिस्पर्धा और चयन को लेकर रंजिश को हत्या की वजह माना गया है। वहीं मेरठ की राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल की हत्या का भी उन्होंने जिक्र किया। पुलिस के अनुसार पैसों के विवाद में हुई इस वारदात के आरोपी को बाद में चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया गया।
सूर्या चौहान हत्याकांड ने बढ़ाई चिंता
गाजियाबाद के छात्र सूर्या चौहान की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि बाइक चलाने को लेकर दोस्तों के बीच हुआ विवाद हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि इसी दौरान सूर्या पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले के मुख्य आरोपी असद की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
लापता डेयरी संचालक मामले को भी बताया गंभीर
अखिलेश यादव ने लोनी क्षेत्र के एक डेयरी संचालक के रहस्यमय ढंग से लापता होने की घटना का भी उल्लेख किया। युवक कई दिनों से गायब है और घटनास्थल के पास उसकी बाइक, खून के निशान तथा अन्य सामान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। इस घटना को भी विपक्ष कानून-व्यवस्था से जोड़कर सरकार पर सवाल उठा रहा है।














