UP: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में निर्माणाधीन पुल गिरने की घटना के बाद प्रदेश की राजनीति तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हादसे को लेकर भारतीय जनता पार्टी और राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निर्माण कार्य भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहे हैं और कमीशनखोरी की वजह से ऐसे हादसे सामने आ रहे हैं।
अखिलेश यादव का एक्स पोस्ट
ये बहुत दुखदायी समाचार है कि उप्र के हमीरपुर में एक निर्माणाधीन पुल के गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई और अन्य घायल भी हैं। राहत-बचाव कार्य तेज किया जाए और मृतकों का ससम्मान अंतिम संस्कार हो व परिजनों को मुआवज़ा दिया जाए।
ये एक गंभीर बात है कि भाजपा के समय में हो रहा हर निर्माण… pic.twitter.com/Yspaa8CH27
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) May 29, 2026
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए हादसे पर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल गिरने से छह लोगों की मौत बेहद दुखद है और कई अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है। उन्होंने प्रशासन से राहत और बचाव कार्य तेज करने की मांग की। साथ ही मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराने की बात कही।
Also Read: ‘BJP में अब करंट नहीं रहा…’, बिजली कटौती पर अखिलेश यादव का UP सरकार पर हमला
बीजेपी पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
सपा प्रमुख ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में होने वाले ज्यादातर निर्माण कार्य भ्रष्टाचार की वजह से प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हर परियोजना में भारी कमीशनखोरी हो रही है, जिसकी वजह से पुल, पानी की टंकियां और सरकारी भवन लगातार हादसों का शिकार बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो पुल हवा से टूट जा रहे हैं उन पर जब ट्रैफिक चलेगा तो क्या होगा ये सोचकर ही डर लगता है। अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से पीड़ितों की हर संभव मदद करने की अपील भी की।
सपा प्रवक्ता ने भी उठाए सवाल
इस मामले में समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता मनोज काका ने भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल आंधी और तेज हवा का दबाव भी नहीं झेल सका, जिससे निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की विकास योजनाएं भ्रष्टाचार की वजह से प्रभावित हो रही हैं। मनोज काका ने सरकार से पूछा कि लगातार हो रहे निर्माण हादसों की जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने पेपर लीक जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।
आंधी-तूफान के दौरान हुआ हादसा
गौरतलब है कि हमीरपुर में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का बड़ा हिस्सा बीती रात तेज आंधी और तूफान के दौरान गिर गया था। हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है। मुख्यमंत्री योगी ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।















































