Hathras: परीक्षा में कम नंबर आने पर घर से निकला 16 वर्षीय किशोर, नोएडा से बरामद

Hathras: हाथरस के सासनी कोतवाली क्षेत्र के हाशिमपुरा गांव से लापता हुआ 16 वर्षीय किशोर प्रेम सागर उर्फ सागर आखिरकार पुलिस को नोएडा में सुरक्षित मिल गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी सर्विलांस की मदद से किशोर को बरामद किया गया। किशोर के सकुशल मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।

जानिए क्या है पूरा मामला?

दरअसल, हाशिमपुरा निवासी जगदीश प्रसाद का 16 वर्षीय बेटा प्रेम सागर उर्फ सागर 22 सितंबर की सुबह करीब 11:30 बजे घर से मडराक स्थित ब्राट हॉस्पिटल जाने की बात कहकर निकला था। उसके पास मोबाइल फोन भी था। करीब आधे घंटे बाद दोपहर 12 बजे परिवार के लोगों ने जब उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, तो फोन बंद मिला। शाम तक जब सागर घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिवार ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद परेशान पिता जगदीश प्रसाद ने सासनी कोतवाली पहुंचकर बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई।

ALSO READ: Bareilly में स्कूल बस पकड़ने जा रहे 14 वर्षीय छात्र को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचला, मौके पर मौत

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सासनी पुलिस ने किशोर की तलाश के लिए टीमें गठित कीं। सब-इंस्पेक्टर रंजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस के साथ स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई। पुलिस की मेहनत के बाद गुरुवार रात को किशोर को नोएडा से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में किशोर ने बताया कि स्कूल की परीक्षा में उसके बहुत कम नंबर आए थे। उसे डर था कि कम नंबर आने पर पिता उसे डांटेंगे। इसी डर के चलते वह घर छोड़कर नोएडा चला गया था। जरूरी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने किशोर को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बेटे के सकुशल घर लौटने पर परिवार में खुशी का माहौल है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)